Ayodhya Ram Mandir: एक नए युग के आगमन का प्रतीक प्राण प्रतिष्ठा
अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए भक्तों का उत्साह कम नहीं हो रहा है। शनिवार को सुबह हल्का कोहरा देखा गया। ठंड के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 26 जनवरी को रामलला के दर्शन को पहुंचने वाले लोगों की संख्या तीन लाख से अधिक बताई जा रही है। पुलिस द्वारा सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा-व्यवस्था के भी चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। अयोध्या जोन के आईजी प्रवीण कुमार ने कहा, “यहां भारी संख्या में लोग आ रहे हैं।।। गणतंत्र दिवस 3 लाख से अधिक लोगों ने दर्शन किए हैं। हम सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा रहे हैं।।।प्रशासन द्वारा भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।” अयोध्या में सरयू घाट पर सुबह घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई।
मार्गों पर जन सैलाब उमड़ा
वहीं इससे पहले श्रीराम लला के बाल स्वरूप विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के दूसरे दिन अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। रामपथ और मंदिर परिसर के आसपास सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतार देखने को मिली। कड़ाके की ठंड, कोहरे और शीतलहर के बीच लोग मंदिर के बाहर लाइन में खड़े नजर आए। बड़े हों या फिर बुजुर्ग, वे इस दौरान लगातार “जय श्री राम के नारे” लगाते दिखे। अयोध्या की सड़कों पर आस्था का समुद्र देखने को मिला। बुधवार को ढाई लाख से ज्यादा लोगों ने रामलला के दर्शन किए। श्रीराम जन्मभूमि पथ के मार्गों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। हालंकि, मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा और सहूलियत के लिए प्रशासन व पुलिस की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। सुबह मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रीराम लला के दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। लाखों लोग प्रभु का बाल रूप निहार कर निहाल हुए।
दर्शनार्थियों की संख्या में तेजी से वृद्धि
श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद से दर्शनार्थियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। प्रभु श्रीराम की नगरी राममय हो चुकी है। देश दुनिया में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां आने की ललक बढ़ी है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा उपरांत आम जनमानस के लिए खोले गये मंदिर में जहां पहले दिन 5 लाख लोगों ने दर्शन लाभ प्राप्त किया था, वहीं दूसरे दिन भी सुबह से दर्शनार्थियों को सुगम दर्शन लाभ करवाने के लिए प्रशासन जुटा रहा। दर्शन करवाने के क्रम मे दूसरे दिन ढाई लाख से ज्यादा भक्तों ने दर्शन किये। साथ ही उन्होंने बताया कि दर्शनार्थियों की भारी संख्या और आस्था को देखते हुए फिलहाल मंदिर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक मंदिर खोला जा रहा है।
भगवान राम के चित्र वाले झंडे लेकर और “जय श्री राम” के नारे लगाते हुए, श्रद्धालु कड़कड़ाती ठंड में भव्य मंदिर के दरवाजे खुलने से पहले घंटों तक इंतजार करते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में अयोध्या के मंदिर में रामलला की नयी मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर को एक नए युग के आगमन का प्रतीक करार दिया और लोगों से मंदिर निर्माण से आगे बढ़कर अगले 1,000 वर्षों के मजबूत, भव्य और दिव्य भारत की नींव बनाने का आह्वान किया। मोदी ने ‘गर्भगृह’ में अनुष्ठान करने के बाद कहा था “22 जनवरी, 2024, केवल कैलेंडर में एक तारीख नहीं है, बल्कि एक नए युग के आगमन की शुरुआत है।”
Read more: Sakat Chauth: सकट चौथ पर भगवान गणेश की पूजा के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देने का महत्व
गणतंत्र दिवस परेड में अयोध्या की विरासत
इस साल गणतंत्र दिवस परेड की झांकियों में अयोध्या की विरासत देखने को मिली। रामलला को दर्शानेवाली मूर्तियां झांकियों के आकर्षण का केंद्र रही। उत्तर प्रदेश की झांकी में कर्तव्य पथ पर भगवान राम के बाल स्वरूप का दर्शन हुआ। बता दें कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन हो गया है। रामलला शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच गर्भगृह में विराजमान हुए।
राम मंदिर उद्घाटन के बाद भक्तों का उत्साह चरम पर है। भगवान राम का दर्शन करने के लिए अयोध्या में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होनेवालों को यूपी की विशेष झांकी देखने को मिली। गणतंत्र दिवस की परेड में रामलला की मूर्ति को दर्शाने वाली झांकी प्रदर्शित की गई। यूपी की झांकी में कलश के साथ दो साधुओं को दिखाया गया। गणतंत्र दिवस की परेड का लोगों में गजब उत्साह होता है। इस बार यूपी की झांकी में रामलला आकर्षण का केंद्र रहे। राम मंदिर में रामलला की मूर्ति के ठीक पीछे ट्रेलर पर दो साधुओं को दिखाया गया।