Haryana Election 2024 – सैनी ने कहा- भाजपा भारी मतों से जीत दर्ज करेगी
Haryana Election 2024: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोग हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस द्वारा किए गए बड़े-बड़े वादों के हश्र से वाकिफ हैं, लेकिन उनके राज्य में पार्टी का “झूठ” नहीं चलेगा। सैनी ने भरोसा जताया कि हरियाणा में पांच अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में जारी विकास कार्यों में तेजी लाएगी। कैथल जिले के सीवन में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद सैनी ने कहा, “जैसा कि आप देख सकते हैं, लोगों में जबरदस्त उत्साह है। भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी, वो भी पूर्ण बहुमत के साथ।”

मुफ्त बिजली के वादे का क्या हुआ?
सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना के लोगों से किए गए बड़े-बड़े वादों के बारे में हर कोई जानता है। सैनी ने आरोप लगाया, “सत्ता हथियाने के लिए झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करना उनके लिए कोई नयी बात नहीं है।” उन्होंने कहा, “पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश का ही उदाहरण ले लीजिए। युवाओं को सालाना एक लाख नौकरियां, महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये और हिमाचल में मुफ्त बिजली देने के कांग्रेस के वादे का क्या हुआ? क्या उन्होंने इन वादों को पूरा किया।” सैनी ने कहा, “हरियाणा के लोग कांग्रेस के झूठे वादों का हश्र जानते हैं। उनका झूठ यहां नहीं चलेगा।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के “झूठे” वादों के विपरीत भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है।
Read more: Jammu Kashmir Results: जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन बनाएगी सरकार

हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता
हरियाणा में कांग्रेस ने सत्ता में आने पर 18 से 60 साल की महिलाओं को प्रति माह 2,000 रुपये की आर्थिक मदद देने और 500 रुपये में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने का वादा किया है। वहीं, भाजपा के चुनावी वादों में महिलाओं के लिए हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता, युवाओं के लिए दो लाख सरकारी नौकरियां और राज्य के अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी की गारंटी शामिल है। उन्होंने कहा, “पहले मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान भी कांग्रेस के लोग कहते थे कि कांटे की टक्कर है। उन्हें (कांग्रेस को) वहां कितनी सीटें मिलीं? हरियाणा के नतीजे उन्हें फिर चौंका देंगे और भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी।

विकास की गति तेज करने प्रतिबद्ध
सैनी ने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने समान विकास सुनिश्चित किया है और वह सत्ता में लौटने पर विकास की गति तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कई फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पारदर्शी प्रशासन दिया है और योग्यता के आधार पर भर्तियां की हैं। करनाल के विधायक सैनी को भाजपा ने इस बार कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से मैदन में उतारा है।
वह 2019 से 2024 के बीच कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रह चुके हैं। मार्च 2024 में भाजपा ने मनोहर लाल की जगह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया था। मनोहर लाल अब केंद्रीय मंत्री हैं। लाडवा में कुल 16 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। क्षेत्र में सैनी और वर्तमान विधायक एवं कांग्रेस उम्मीदवार मेवा सिंह के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025