Jharkhand Assembly Election – 2 चरण में चुनाव, 24 जिलों की 81 विधानसभा सीटें
Jharkhand Assembly Election: झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा कर दी गई है। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की घोषणा की। चुनाव आयुक्त ने बताया कि झारखंड में इस बार 2 चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर को और 20 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। 23 नवंबर को मतगणना होगी। पहले चरण में 43 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में 38 सीटों पर लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
पहले चरण के चुनाव की अधिसूचना 18 अक्टूबर को जारी की जाएगी। दूसरे चरण की अधिसूचना 25 अक्टूबर को जारी होगी। पहले चरण के लिए होने वाले नामांकन की जांच 28 अक्टूबर को और दूसरे चरण के नामांकन की जांच 30 अक्टूबर को होगी। पहले चरण में नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे, जबकि दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवार 1 नवंबर तक अपना नाम वापस ले पाएंगे। पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को होगी। चुनाव आयोग ने बताया कि 25 नवंबर 2024 तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

5 प्रमंडल में बंटा हुआ है
बिहार से अलग होकर 15 नवंबर 2000 को अस्तित्व में आया झारखंड राज्य 5 प्रमंडल में बंटा हुआ है। राज्य में 24 जिले हैं। इनमें 81 विधानसभा सीटें हैं। संताल परगना प्रमंडल के 6 जिलों में 18 विधानसभा सीटें हैं। 7 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। संताल परगना की देवघर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित है। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में 7 जिले हैं। इसी प्रमंडल में सबसे अधिक 25 विधानसभा सीटें हैं। 4 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं। इस प्रमंडल में कोई विधानसभा सीट आदिवासियों यानी अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित नहीं है। धनबाद, रामगढ़ और कोडरमा 3 जिले ऐसे हैं, जहां की सभी विधानसभा सीटें अनारक्षित हैं।
Read more: Soren vs Soren: झारखंड में चंपई सोरेन ने रोचक किया मुकाबला

3 जिलों की 4 सीटें एससी के लिए आरक्षित
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के 3 जिले ऐसे हैं, जहां की 4 विधानसभा सीटें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं। चतरा जिले की दोनों सीटें सिमरिया और चतरा एससी के लिए आरक्षित हैं। गिरिडीह की जमुआ विधानसभा सीट और बोकारो की चंदनकियारी सीट भी एससी के लिए आरक्षित हैं। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में 5 जिले आते हैं। इसमें 15 विधानसभा सीटें हैं। 11 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। राजधानी रांची स्थित कांके विधानसभा एकमात्र सीट है, जो अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित है|

कोल्हान प्रमंडल14 विधानसभा सीटें
कोल्हान प्रमंडल में 3 जिले हैं। इन 3 जिलों में 14 विधानसभा सीटें हैं। 14 में से 9 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। जुगसलाई इस प्रमंडल की एकमात्र सीट है, जो अनुसूचित जाति (एससी) के लिए रिजर्व है। कोल्हान की तरह ही पलामू प्रमंडल में भी 3 जिले हैं, लेकिन इस प्रमंडल में विधानसभा की सबसे कम 9 सीटें हैं। लातेहार जिले की मनिका सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है, तो लातेहार विधानसभा सीट अनुसूचित जाति (एससी) के लिए।
पलामू जिले का छतरपुर विधानसभा भी अनुसूचित जाति के लिए ही आरक्षित है। झारखंड में वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव 5 चरणों में कराए गए थे। तब 30 नवंबर को वोटिंग शुरू हुई थी और 20 दिसंबर तक चली थी। 23 दिसंबर को सभी सीटों पर एक साथ मतगणना कराई गई थी। पहले चरण की वोटिंग 30 नवंबर को हुई थी। इस दिन 13 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था।
Read more: RG Kar Medical College: तीन सप्ताह में रिपोर्ट दाखिल करे CBI

सबसे अधिक 20 विधानसभा सीटों पर हुई थी वोटिंग
दूसरे चरण की वोटिंग 7 दिसंबर को हुई। इस दिन 20 विधानसभा सीट पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। तीसरे चरण की वोटिंग 12 दिसंबर को हुई। इस चरण में 17 सीटों पर वोटिंग हुई थी। चौथे चरण का मतदान 16 दिसंबर को हुआ। इस चरण में 15 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं ने वोट डाले थे। पांचवें और आखिरी चरण का मतदान 20 दिसंबर को हुआ था। आखिरी चरण में 16 विधानसभा सीट पर वोटिंग हुई थी। 23 दिसंबर को मतगणना हुई थी।
पिछले महीने मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम रांची आई थी। दो दिन तक विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की थी। चुनाव आयोग ने पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ अन्य एजेंसियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए जरूरी तैयारी करने के निर्देश दिए थे। चुनाव आयोग की टीम में निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ सुखबीर सिंह संधू भी शामिल थे। चुनाव आयोग की टीम ने झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं की भी राय ली थी और उनकी शिकायतें एवं सुझावों को भी सुना था।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025