Global Friendship: फेसबुक ने आम लोगों को भी वैश्विक मित्रता का स्वाद चखाया
बढ़ती वैश्विक दोस्ती से कोई नुकसान नहीं बल्कि फायदा ही हुआ है। यह नौजवान पीढ़ी में बढ़ती वैश्विक दोस्ती का ही कमाल है कि आज की युवा पीढ़ी अब के पहले किसी भी समय की युवा पीढ़ी के मुकाबले दुनिया के बारे में ज्यादा वास्तविक जानकारियां रखती हैं। दुनिया के अलग-अलग धर्मों, सम्प्रदायों, जातियों और समुदायों को लेकर नई पीढ़ी में ज्यादा बेहतर और सही जानकारी है। इसलिए अज्ञानता से जो एक सनसनीखेज अलगाव या अजनबियत होती थी, उससे अब काफी हद तक मुक्ति मिली है।
दुनिया की नई पीढ़ी में किसी भी जाति, समुदाय या रंग को लेकर अब पहले जैसा पूर्वाग्रह नहीं है। यह इतिहास का पहला ऐसा दौर है जब अफ्रीकी, अमेरिकी, एशियाई और यूरोपीय किशोर सचमुच में आपस में पक्के दोस्त हैं क्योंकि वे एक दूसरे के बारे में अब तक के किसी भी जमाने से कहीं ज्यादा जानते हैं और सबसे अच्छी बात यह है कि वे एक दूसरे के बारे में सीधे एक दूसरे से ही जानते हैं। इसलिए जानकारी ज्यादा ठोस, विश्वसनीय और व्यवहारिक है। कहना नहीं होगा कि इसीलिए तमाम बाधाओं और राजनैतिक सरहदों के बावजूद लोगों में वैश्विक मित्रता की भावनाएं बहुत तेजी से मजबूत हो रही हैं।

पश्चिमी दुनिया में भारत को लेकर अज्ञानता रही
इंटरनेट के पहले तक यानी 20वीं सदी के आखिरी दशकों तक भी दुनिया के महज 5 से 10 फीसदी लोगों को ही विश्व के अलग-अलग देशों के बारे में वास्तविक जानकारियां होती थीं। आज इंटरनेट की बदौलत दुनिया में 20 से 25 फीसदी युवा ऐसे हैं जो दुनिया के बारे में बिल्कुल सही-सही जानकारियां रखते हैं और इन जानकारियों का सबसे बड़ा स्रोत है ग्लोबल फ्रेंडशिप। बहुत लंबे समय तक पश्चिमी दुनिया में भारत को लेकर अज्ञानता रही है। बावजूद इसके कि हिंदुस्तान में 250 सालों तक अंग्रेजों ने शासन किया है और अंग्रेजों के साथ ही फ्रेंच व पुर्तगाली भी भारत में लगातार पिछली 3-4 सदियों से किसी न किसी रूप में मौजूद रहे हैं।
बावजूद इसके 99 फीसदी आम यूरोपीय लोगों के लिए 20वीं सदी के आखि़री दशकों तक भारत वाकई साधुओं और सपेरों का ही देश रहा है जैसा कि भारत को लेकर कई पश्चिमी सैलानी लिखते और कहते रहे हैं लेकिन आज ऐसा नहीं है। आज ऑस्ट्रेलिया में जूनियर हाई स्कूल के 10 से 15 फीसदी छात्र ऐसे हैं जो केरल और उत्तराखंड के बारे में उतनी ही सघनता से जानते हैं जैसे भारत में केरल के नौजवान उत्तराखंड के बारे में और उत्तराखंड के केरल के बारे में जानते हैं। दुनिया के कोने कोने तक नयी पीढ़ी के बीच दुनिया की जो यह वास्तविक जानकारियों की रोशनी फैली है, उसकी सबसे बड़ी वजह ग्लोबल फ्रेंडशिप है। इसीलिए पश्चिम में अब फ्रेंडशिप के नाम पर लोग बड़ी सहजता से कंधे उचकाकर कहते हैं, ‘नाउ फ्रेंडशिप इज ग्लोबल’।
Read more: Kids Room Decor: चहकेंगे बच्चे तो सपनों को मिलेगी नई उड़ान

भारतीय लोगों के पास सिर्फ 6 अच्छे दोस्त
अमेरिका से कहीं ज्यादा दोस्ती के मामले में दूसरे देश गरीब हुए हैं। मसलन आज औसतन भारतीय लोगों के पास सिर्फ 6 अच्छे दोस्त हैं। उनमें भी बमुश्किल एक या दो ही क्लोज फ्रेंड हैं। 3 साल पहले 10 हजार लोगों पर हुई एक ग्लोबल स्टडी में ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, भारत, मलेशिया, सऊदी अरब और यूएई शामिल थे। इस सर्वे के मुताबिक सिर्फ सऊदी अरब में ही लोगों के सबसे ज्यादा पक्के दोस्त करीब 7 के आस-पास थे। भारत में पक्के दोस्त तो औसतन ढाई ही थे। वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम से पिछले साल ये आंकड़े सामने आये थे कि अमेरिका में आज लोगों के ज्यादा पक्के दोस्त नहीं होते जैसे 30 सालों पहले हुआ करते थे।
आज हर तीसरे अमेरिकी के कम से कम 2-3 दोस्त धरती के किसी दूसरे कोने में होते हैं जिनके साथ वे वैसी ही अपने सुख-दुख बांटते हैं जैसे अपने बचपन के दोस्तों के साथ बांटते हैं। ‘सेंटर ऑन अमेरिकन लाइफ’ नाम के इस सर्वे के मुताबिक अब महज 13 फीसदी वयस्क अमेरिकी ही हैं जिनके कम से कम 10 मित्र हैं जबकि 30 साल पहले हर अमेरिकी के औसतन 30 मित्र हुआ करते थे। हालांकि यह दुनिया में सबसे ज्यादा थे।

मनोविज्ञान और भूगोल में उलट पुलट
सवाल है आखिर मित्रता के मनोविज्ञान और भूगोल में यह इतनी उलट पुलट क्यों और कैसे हुई? तो इसमें एक फैक्टर की चर्चा तो हम कर ही चुके हैं कि इंटरनेट के बाद हर आम और खास के लिए वैश्विक दोस्ती का दरवाजा खुला है। वैश्विक संचार सुविधाओं ने लोगों में बहुत तेजी से ग्लोबल फ्रेंडशिप या वैश्विक दोस्ती का जज्बा पैदा किया है। इससे भी बड़ी एक बात जो हुई है, वह है विश्वव्यापी कोरोना महामारी। दरअसल 2 सालों तक दुनिया के ज्यादातर लोग, ज्यादातर समय घर में अकेले कैद रहे हैं और इस दौरान लोगों का आपस में संपर्क महज संचार माध्यमों के जरिये ही रहा है।
इसीलिए अब एक तो रिश्तों में दूरस्थ रिश्तों यानी लांग डिस्टेंस रिलेशनशिप के प्रति बहुत तेजी से झुकाव हो रहा है। दूसरी बात यह कि जब मशीनी संपर्क साधने से ही हमारी ज्यादातर बातचीत और कार्य-व्यापार हो जा रहे हैं तो दोस्ती का भी यही सबसे मजबूत जरिया बनकर उभरा है। लब्बोलुआब यह कि दुनिया में तेजी से बढ़ती और मजबूत होती वैश्विक दोस्ती का कारण संचार क्रांति है।
Read more: Agricultural Tools: महिला कृषकों के लिए उपयोगी उपकरण

बचपन के लंगोटिया यार गायब
वे दिन और वे धारणाएं अब धुंधली पड़ने लगी हैं कि हमारे बेस्ट फ्रेंड तो बचपन के लंगोटिया यार ही होते हैं। हाल के सालों में तकनीकी ने दुनिया को हर तरीके से बदलकर रख दिया है। सूचना संचार क्रांति ने टाइम, स्पेस और साइकोलॉजी की बिल्कुल नई परिभाषाएं और नये एहसास गढ़े हैं। यही वजह है कि आज बहुत तेजी से दुनिया में ग्लोबल फ्रेंडशिप का चलन बढ़ता जा रहा है। अभी 2 दर्शक पहले तक कुछ गिने चुने कॉरपोरेट लोगों के ही अंगुलियों पर गिने जा सकने वाले कुछ ग्लोबल फ्रेंड होते थे लेकिन इंटरनेट के आने के बाद आज पूरी दुनिया में 30 फीसदी से ज्यादा ऐसे लोग हैं
जिनके दुनिया के किसी कोने में एक से लेकर एक दर्जन तक दोस्त हैं और याद रखिए ये बिल्कुल आम लोगों की बात हो रही है। इंटरनेट ने, खास तौर पर फेसबुक ने आम लोगों को भी वैश्विक मित्रता का स्वाद चखाया है। भले बहुत कुछ लेना देना न हो और यह मित्रता अभी ज्यादातर लोगों के लिए फैशन के स्तर की ही हो लेकिन बहुत तेजी से वास्तविक ग्लोबल फ्रेंडशिप भी लोगों के बीच विकसित हो रही है और निश्चित रूप से इसके जबरदस्त फायदे भी हुए हैं और निःसंदेह कुछ नुकसान भी।


