Soren vs Soren – 13 और 20 नवंबर को दो फेज में होंगे चुनाव
Soren vs Soren: झारखंड में 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो फेज में चुनाव होंगे। नतीजे 23 नवंबर 2024 को आएंगे। चुनाव से ठीक पहले हेमंत सोरेन के भरोसेमंद चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। 2019 के विधानसभा चुनाव में जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। 30 सीटों के साथ जेएमएम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और गठबंधन के साथ सरकार बनाई। 4 साल सब कुछ ठीक रहा, लेकिन आखिरी साल काफी उठा-पटक मची। 31 जनवरी 2024 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से करीब 7 घंटे पूछताछ की।
इसके बाद सोरेन को राजभवन ले जाया गया, जहां उन्होंने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफे के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने नए मुख्यमंत्री के रूप में जेएमएम के वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन का नाम प्रस्तावित किया। सत्ताधारी दल ने कुल 47 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा। राज्य में सरकार बनाने के लिए 81 सदस्यों की विधानसभा में 41 विधायकों का समर्थन चाहिए। 2 फरवरी 2024 को चंपाई सोरेन ने सीएम पद की शपथ ली।

जेल से छूटते ही फिर सीएम बने हेमंत
हेमंत सोरेन जमानत मिलने के बाद 28 जून को रांची की बिरसा मुंडा जेल से बाहर आ गए। हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन भी उन्हें लेने के लिए जेल पहुंची थीं। जेल से निकलने के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि मुझे झूठे आरोपों में 5 महीने जेल के अंदर रखा गया। झारखंड के लोगों के लिए 5 महीने बहुत कठिन थे। जेल से छूटने के 145 घंटे बाद ही उन्होंने दोबारा झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। झारखंड में महज 4 महीने बाद चुनाव होने थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चंपाई सोरेन इस्तीफा नहीं देना चाहते थे। झारखंड के सीएम पद से हटाए जाने के बाद चंपाई सोरेन ने बीजेपी का दामन थाम लिया।
Read more: RG Kar Medical College: तीन सप्ताह में रिपोर्ट दाखिल करे CBI

इलाके में 14 विधानसभा सीटें
चंपाई संथाल जनजाति से आते हैं। इस समुदाय के साथ अन्य आदिवासी जातियों पर भी उनकी तगड़ी पकड़ है। वो आदिवासी बहुल कोल्हान के बड़े नेता है। उन्हें ‘कोल्हान टाइगर’ भी कहा जाता है। इस इलाके में कुल 14 विधानसभा सीटें हैं। 2019 के चुनाव में जेएमएम ने यहां 11 सीटों पर जीत हासिल की थी। दो सीट कांग्रेस और एक निर्दलीय को मिली थी। अब मुकाबला रोचक होगा, क्योंकि चंपाई सोरेन बीजेपी के साथ हैं।
दरअसल कोल्हन में चंपाई सोरेन जेएमएम के बूते पहले राजनीति करते थे। कुछ महीने पहले ही उन्होंने बीजेपी का दामन थामा है। भले ही चंपाई बीजेपी की मानसिकता को अपना चुके हैं, लेकिन वोटर ऐसा नहीं होता है। वो अचानक फैसला नहीं बदलता। उसे बदलने में समय लगता है। शिबू सोरेन आदिवासियों के बड़े नेता हैं। ऐसे में वे अगर एक अपील कर देंगे तो बीजेपी का दांव उल्टा भी पड़ सकता है। लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी को आदिवासी वोट नहीं मिला है। इस कारण झारखंड विधानसभा चुनाव में भी संशय बरकरार रहेगा कि आदिवासी बीजेपी की तरफ झुकता है या नहीं।

49 सीटें चाहते हैं हेमंत सोरेन
हरियाणा में चुनाव हारने का इंडिया गठबंधन पर असर पड़ा है। सबसे ज्यादा दबाव में कांग्रेस है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हेमंत सोरेन ने साफ कर दिया है कि वो 49 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। बची 32 सीटों पर कांग्रेस, आरजेडी व अन्य सहयोगी पार्टियों को कॉम्प्रोमाइज करना पड़ेगा। पिछले चुनाव में कांग्रेस अकेले 31 सीटों पर लड़ी थी। उसे 16 सीटों पर जीत मिली थी। आरजेडी 7 सीटों पर लड़ी थी, लेकिन उसे 1 ही सीट पर जीत मिली थी। अगर सीट बंटवारे पर समझौता नहीं हुआ तो हो सकता है जेएमएम अकेले भी चुनाव लड़ ले।
Read more: Baba Siddique Murder: सलमान खान की हेल्प करने वालों का होगा हिसाब-किताब

मरांडी के नेतृत्व में लड़ेगी BJP
इस बार बीजेपी के दो कद्दावर नेता रघुवर दास और अर्जुन मुंडा चुनावी मैदान से लगभग बाहर हैं। पार्टी बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। ऐसे में यह चुनाव राज्य के पहले सीएम रहे बाबूलाल मरांडी अब भी लोकप्रिय हैं या नहीं इस बात को भी परखेगा। रघुवर दास को जमशेदपुर सिटी विधानसभा सीट से हराने वाले बीजेपी के पूर्व नेता सरयू राय इस बार नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के साथ मिलकर झारखंड में चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड के पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर भी सितंबर महीने में ही जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हुए हैं। 2009 में पीटर ने शिबू सोरेन को तमाड़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हरा दिया था।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025