Bihar News – बिहार में साइबर गिरोह का बड़ा खेल
Bihar News:बिहार में कई महिलाओं के बैंक खाते में अचानक किसी ने करोड़ों रुपये भेज दिए। महिलाएं पुलिस कार्रवाई के डर से चुप रहीं लेकिन फिर बड़े खेल का खुलासा हुआ। मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनसराय गांव में समूह लोन दिलाने का झांसा देकर एक दर्जन से अधिक महिलाओं के खाते खोलकर 3 करोड़ से अधिक का ट्रांजेक्शन कर लिया गया। यह रुपये साइबर अपराधियों द्वारा भेजकर दूसरे खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। फ्रॉड की शिकार सभी महिलाएं कम पढ़ी-लिखी हैं।

दूसरे खाते में ट्रांसफर
हर एक महिला के खाते में 20 से 30 लाख रुपये तक की राशि आई थी और उसे दूसरे खाते में ट्रांसफर किया गया। फ्रॉड की शिकार महिलाओं ने जब बैंक जाकर खाता चेक कराया तो उन्हें इस बारे में पता चला, इसके बाद सभी महिलाएं डर गईं। उन्हें यह अंदेशा सताने लगा कि अगर पुलिस के पास शिकायत करने जाएंगी तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। लेकिन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद फ्रॉड की शिकार पीड़ित महिलाएं पहले अहियापुर थाने पहुंचीं। फिर, साइबर थाने पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी दी।
Read more: Anura Kumara Dissanayake: श्रीलंका के नौवें राष्ट्रपति बने अनुरा कुमारा, मोदी ने दी बधाई

महिलाओं को झांसे में लेकर बनाया शिकार
पीड़ित महिलाओं ने साइबर थाने की पुलिस को बताया कि कांटी की एक महिला ने मिठनसराय गांव में आकर समूह लोन दिलाने का झांसा दिया। उसने कहा कि आप सभी के खाते में 5-5 लाख रुपये लोन के रूप में आएंगे। इसमें 50 प्रतिशत लोन माफ कर दिया जाएगा। आपको 2.50 लाख रुपये ही लौटाना पड़ेगा। महिलाएं झांसे में आ गईं। महिलाओं को पहले नया सिम कार्ड दिलाया गया। उस सिम कार्ड से आधार व पैन कार्ड के जरिये बैंक में खाता खोला गया। खाता खुलवाकर आरोपी महिलाओं ने सभी का आधार, पैन व सिम कार्ड अपने पास रख लिया। कहा कि 2 माह बाद सभी के खाते में रकम आ जाएगी। सिम आरोपी के पास होने की वजह से किसी को भी मैसेज नहीं मिला।

20 से 30 लाख रुपये का लेन-देन
5 माह बाद पीड़ित महिलाओं ने बैंक में जाकर पता किया तो पता चला कि उनके खाते से 20 से 30 लाख रुपये का लेन-देन किया गया है। यह लेन-देन किसी एक महिला के खाते से नहीं बल्कि सभी पीड़ित महिलाओं के खाते से हुआ है। साइबर डीएसपी ने बताया कि महिलाओं का किस- किस बैंक में खाता खोला गया है उसे ट्रेस किया जा रहा है। इसके बाद ट्रांजेक्शन की राशि साफ होगी। यह करोड़ में होगी। एक मास्टरमाइंड का नाम सामने आया है। साइबर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए रेड कर रही है।
Read more: CM Siddaramaiah: ‘इंडिया’ गठबंधन जल्द केंद्र में सरकार बनाएगा

कांटी की महिला को मोहरा बनाया
साइबर गिरोह के अपराधी ने कांटी की महिला को सिर्फ मोहरा बनाया है। उसका भी समूह लोन के नाम पर 5 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर फर्जी खाता खुलवाया गया। साइबर पुलिस के अनुसार उसके भी नाम पर खुलवाए गए खाते में रुपयों का लेन-देन हुआ है। बताया जाता है कि ठगी का शिकार हुईं महिलाएं उसको पकड़ कर अपने साथ साइबर थाना लेकर पहुंची थीं। पुलिस की पूछताछ में बस वह एक मोहरा साबित हुई।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025