Bangladesh Effect – जयशंकर बोले – भारत की मदद वाली विकास परियोजनाएं बाधित
Bangladesh Effect: बांग्लादेश में तख्ता पलट का सीधा असर भारत पर हुआ है। भारत की मदद से चल रहे विकास कार्य बांग्लादेश में प्रभावित हुए हैं। मो. यूनुस की अगुवाई में जो नई व्यवस्था बनी है, उसमें कट्टरपंथी ताकतों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। यही वजह है कि भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पहली बार कहा कि बांग्लादेश में हुए बदलाव बहुत विनाशकारी साबित हो सकते हैं। नए हालात में भारत की मदद वाली विकास परियोजनाओं को वहां बाधित किया जा रहा है।
भविष्य में काम-काज कैसे आगे बढ़ेगा
विदेश मंत्री ने पहली बार इन मुद्दों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद छोड़कर भारत आने के बाद से बांग्लादेश में स्थितियां लगातार खराब हुईं जिससे वहां भारतीय परियोजनाओं पर सीधा असर हुआ। हमें यह भी मानना होगा कि राजनीतिक परिवर्तन होते हैं, और वे विघटनकारी हो सकते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी कहा कि बांग्लादेश में उथल-पुथल के कारण ‘द्विपक्षीय परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। बांग्लादेश के साथ हमारी विकास सहयोग गतिविधियां बांग्लादेश के लोगों के कल्याण के लिए हैं । बांग्लादेश में अभी ऐसे हालात हैं कि भविष्य में काम-काज कैसे आगे बढ़ेगा, इसका कोई अनुमान भी नहीं है।
Read more: Maharashtra Poiltics: महाराष्ट्र में बंगाल के समान विधेयक लाने की वकालत
अंतरिम सरकार के साथ परामर्श करेंगे
जायसवाल ने कहा कि कुछ परियोजनाओं पर काम रुक गया है और वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण प्रभावित हुआ है। एक बार हालात स्थिर हो जाने पर, स्थिति सामान्य हो जाने पर, हम (ढाका) से बात करेंगे, हम अपनी विकास पहलों के बारे में अंतरिम सरकार के साथ परामर्श करेंगे और फिर देखेंगे कि उन्हें कैसे आगे बढ़ाया जाए। जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश में विकास परियोजनाओं को मौजूदा हालात के कारण अस्थायी रूप से रोक दिया गया है क्योंकि वहां विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम कर रहे कई लोगों को लौटना पड़ा। वीजा सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। वर्तमान में बांग्लादेश में सीमित भारतीय वीजा सेवाएं उपलब्ध हैं। ये आपातकालीन या चिकित्सा उद्देश्यों के लिए प्रदान की जा रही हैं। पूर्ण वीजा सेवाएं कानून व्यवस्था बहाल होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही फिर से शुरू हो सकती हैं।
बाढ़ से संबंधित रिपोर्ट खारिज
विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में आई बाढ़ से भारत के संबंध के बारे में रिपोर्टों को भी खारिज कर दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमने बांग्लादेश में बाढ़ की स्थिति पर रिपोर्ट देखी है। इसकी कहानी भ्रामक है और यह बताती है कि बाढ़ के लिए किसी न किसी तरह भारत जिम्मेदार है। यह तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है और स्थिति को स्पष्ट करते हुए भारत सरकार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्तियों में उल्लिखित तथ्यों की अनदेखी करता है। उन्होंने इस बात को भी नजरअंदाज किया है कि जल संसाधन प्रबंधन के लिए मौजूदा संयुक्त तंत्र के माध्यम से दोनों देशों के बीच हमारे पास नियमित और समय पर डेटा और महत्वपूर्ण जानकारी का आदान-प्रदान होता है।’ शेख हसीना की स्थिति और प्रत्यर्पण के लिए बढ़ती मांगों के बीच भविष्य पर उन्होंने कहा, ‘बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री सुरक्षा कारणों से बहुत ही कम समय के नोटिस पर भारत आई थीं। इस मामले में हमारे पास जोड़ने के लिए और कुछ नहीं है।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025