Haryana Assembly Election 2024: खट्टर समेत 20 नेताओं को किया गया शामिल
Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा एक्टिव हो गई है। भाजपा ने विधानसभा से पहले 2 समितियों की घोषणा की। इनमें प्रदेश चुनाव समिति और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति शामिल है। प्रदेश चुनाव समिति में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ राव इंद्रजीत और कृष्णपाल गुर्जर समेत 20 नेताओं को शामिल किया गया है।
प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की कमान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को सौंपी गई है। पूर्व सीएम भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई को प्रदेश चुनाव समिति का मेंबर और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाया गया है। इनके अलावा हाल ही में पार्टी में शामिल होने वाले सांसद नवीन जिंदल, रणजीत चौटाला और किरण चौधरी को कमेटियों में जगह नहीं दी गई। वहीं अपनी ही पार्टी को बागी तेवर दिखाने वाले अनिल विज और राव इंद्रजीत सिंह को भी कमेटियों में शामिल नहीं किया गया।
बिश्नोई का दबदबा बढ़ा
कुलदीप बिश्नोई लोकसभा चुनाव में हिसार सीट से टिकट मांग रहे थे। हालांकि भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार न बनाकर रणजीत चौटाला को टिकट दिया और वह चुनाव हार गए। अब विधानसभा चुनाव से पहले बिश्नोई को दोनों कमेटियों में शामिल कर भाजपा में उनका दबदबा बढ़ा है।
Read more: Coaching Centers: कोचिंग सेंटर्स में हादसे को लेकर सख्त सुप्रीम कोर्ट
विज को साइड लाइन किया
नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद नाराज चल रहे अनिल विज को किसी कमेटी में शामिल नहीं किया गया। हालांकि, मनोहर लाल खट्टर की सरकार में वह गृह मंत्री थे। सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद वह भाजपा के कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं। विज कह भी चुके हैं कि वह सिर्फ अपने अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र पर फोकस कर रहे हैं।
किरण और जिंदल की भी अनदेखी
लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई किरण चौधरी को भी किसी कमेटी में शामिल नहीं किया गया। किरण पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की पुत्रवधू हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर बेटी श्रुति चौधरी का टिकट कटने पर उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल को भी किसी कमेटी में शामिल नहीं किया गया। उनकी मां सावित्री जिंदल हिसार विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। इस बाद वह भाजपा के टिकट की दावेदार भी हैं। फिलहाल हिसार सीट से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता विधायक हैं।
सुनीता दुग्गल को साधा
भाजपा ने लोकसभा चुनाव में सिरसा सीट पर सुनीता दुग्गल का टिकट काटकर डॉ। अशोक तंवर को उम्मीदवार बनाया था। अब विधानसभा चुनाव से पहले सुनीता दुग्गल को दोनों कमेटियों में शामिल किया गया है। पूर्व डिप्टी पीएम देवीलाल के बेटे रणजीत चौटाला को भी किसी कमेटी में जगह नहीं मिली। रणजीत चौटाला हिसार सीट पर लोकसभा चुनाव हार गए थे। जिसके बाद उन्होंने भितरघात का आरोप लगाया था।
राव इंद्रजीत की विरोधी सुधा यादव शामिल
अहीरवाल बेल्ट के सहारे तेवर दिखा रहे केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत और उनकी विरोधी भाजपा संसदीय बोर्ड की मेंबर सुधा यादव को भी शामिल किया गया है। दोनों को एक-दूसरे का कट्टर विरोधी माना जाता है। दोनों एक दूसरे के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं। राव ने हाल ही में अपनी ही पार्टी पर गुरुग्राम में इको ग्रीन कंपनी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला था। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025