PM Modi 3.0 Cabinet Highlights: कार्यभार संभाला, दनादन अधिकारियों को दिये निर्देश
PM Modi 3.0 Cabinet Highlights: मोदी मंत्रिमंडल में शामिल ज्यादातर मंत्रियों ने मंगलवार को अपना-अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के साथ ही मंत्री एक्शन मोड में नजर आए । उन्होंने अपने-अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मंत्रालय के कामकाज और मोदी सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, उर्जा मंत्री एमएल खटटर , स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, किरेन रिजिजू समेत कई मंत्रियों ने कार्यभार संभालने के साथ ही मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
अश्वनी वैष्णव ने अपने अन्य दो मंत्रालयों सूचना प्रौदयोगिकी और सूचना प्रसारण मंत्रालय का भी कार्यभार संभाल लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिफारिश पर सोमवार को नई सरकार के मंत्रियों के मंत्रालय का बंटवारा कर दिया था। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी सरकार के 30 नए कैबिनेट मंत्री, पांच राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली थी।

राष्ट्रीय पुलिस स्मारक गए शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दूसरी बार मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण करने से पहले चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक गए। उन्होंने वहां शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और गृह सचिव अजय भल्ला भी थे। वहीं, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। उनके साथ राज्यमंत्री प्रताप राव गणपत राव जाधव और अनुप्रिया पटेल ने भी अपना कार्यभार ग्रहण किया।
जयशंकर ने विदेश मंत्रालय संभाला
जबकि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी विदेश मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने मंत्रालय में पहली बार राज्य मंत्री बने कीर्तिवर्धन सिंह और पवित्र मार्गेरीटा का मंत्रालय में स्वागत किया। मार्गेरीटा को कपड़ा मंत्रालय में भी राज्य मंत्री का दायित्व दिया गया है। वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपना कार्यभार संभालने के बाद कहा कि देशवासियों ने चुनाव के माध्यम से सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका चय कर दी है। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री के तौर पर उनका प्रयास रहेगा कि विपक्ष को साथ लेकर संसद को सुचारू रूप से चलाया जाए। रिजिजू को अल्पसंख्यक मंत्रालय का भी जिम्मा दिया गया है। रिजिजू के साथ अर्जुन राम मेघवाल और एल। मुरुगन ने भी संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री का कार्यभार ग्रहण किया। संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी कार्यभार संभालने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक की।
Read more: Crorepati Candidates: 18वीं लोकसभा में 504 उम्मीदवार हैं करोड़पति
शिवराज ने दिये कृषि विभाग की टीम को निर्देश
कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यभार संभालने के बाद बाद मंत्रालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मंत्रालय के लिफ्टमैन, एमटीएस, क्लर्क स्तर के कर्मचारियों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मंत्रालय में मौजूद सभी सफाईकर्मी, एमटीएस आदि हमारे साथी है, हमारे लिए सभी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए वह मिलकर काम करेंगे। चौहान ने अधिकारियों के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पर विजिट कर महत्वपूर्ण जानकारी भी ली।
इस सेंटर में देश के विभिन्न राज्यों की वर्तमान में फसल की स्थिति, क्रॉप वेदर की स्थिति, वर्षा की स्थिति, कम वर्षा वाले क्षेत्रों सहित विभिन्न फसलों की जानकारी प्राप्त की। पदभार ग्रहण करने के बाद कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का संकल्प पत्र सौंपा। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग की टीम को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। चौहान ने अधिकारियों से कहा कि- हमें दिन-रात मिलकर काम करना होगा। कृषि मंत्री ने कहा क राजनीति उनके लिए कर्मकांड नहीं, सेवा का माध्यम है।
लोगों को जोड़ने वाला संचार मंत्रालय – सिंधिया
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहा कि संचार से उनका गहरा लगाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचार मंत्रालय बेहतर तरक्की करेगा। सिंधिया ने कहा कि पिछले 10 सालों में संचार मंत्रालय में जो क्रांति आई है। वह उसे और आगे ले जाएंगे। यह लोगों को जोड़ने वाला सेवा विभाग है। सिंधिया ने कहा कि वह प्रधानमंत्री की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि 2008 में वह संचार मंत्रालय में राज्य मंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं। इस विभाग के साथ उनका भावनात्मक लगाव है।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025