Uttarakhand CloudBurst -जगह-जगह भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित
Uttarakhand CloudBurst: उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के दौरान रुद्रप्रयाग जिले में भूस्खलन की चपेट में आने से चार नेपाली मजदूरों की मृत्यु हो गयी जबकि हरिद्वार जिले में एक व्यक्ति उफनती नदी में नहाते समय बह गया। भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन होने से बदरीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी यातायात के लिए बाधित हो गया। हरिद्वार जिले के रूड़की के पास हरि अक्षय नगर फेज-1 के 70 घरों में पथरी नदी का पानी भर गया। पानी से कॉलोनी की चारदीवारी भी टूट गयी। नदी का पानी निकटवर्ती खेतों में भी भर गया जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा।
आधा दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त
टिहरी जिले के बाणगंगा क्षेत्र में गेंवली गांव में भारी बारिश से आधा दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ के रास्ते में फाटा गांव में हेलीपैड के पास पहाड़ी से भूस्खलन होने से उसके मलबे के नीचे दबने से नेपाल के चार मजदूरों की मृत्यु हो गयी। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मलबे के अंदर से उनके शव बरामद किए। मृतकों की पहचान तुल बहादुर, पूर्णा नेपाली, कृष्ण परिधार और दीपक बूरा के रूप में हुई है। हरिद्वार जिले के लक्सर के कांगदी क्षेत्र में वर्षा से उफनाई गंगा नदी में नहाते समय राहुल नाम का एक व्यक्ति बह गया। एसडीआरएफ तथा जल पुलिस की मदद से नदी में बहे व्यक्ति की तलाश की जा रही है। राहुल हरिद्वार जिले के शेरपुर बेला गांव का निवासी था।
Read more: Anil Ambani-SEBI: अनिल अंबानी पर सेबी की बड़ी कार्रवाई
बनस नामक स्थान पर बह गया
उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई जिससे जगह-जगह हुए भूस्खलन के कारण केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए अवरूद्ध हो गए। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग शेरसी और ब्यूंगाड में भूस्खलन का मलबा आने से अवरूद्ध हो गया जबकि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नंदप्रयाग, हनुमानचट्टी और कंचनगंगा में बाधित है। भारी बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा बनस नामक स्थान पर बह गया। देहरादून में भी रात भर हुई मूसलाधार बारिश के कारण कोचर कॉलोनी, मालदेवता, माजरीमाफी सहित कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गयी।
मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, गोवा, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देश की राजधानी दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी है। दिल्ली में मध्यम से तेज गति की बारिश देखने को मिल सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, पश्चिमी असम, बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। वहीं, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, उत्तर आंध्र प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, कोंकण, गोवा और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक, केरल, अंडमान- निकोबार द्वीप और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में हल्की बारिश के आसार हैं। लक्षद्वीप और आस-पास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में कर्नाटक और गोवा तट के पास पूर्वी मध्य अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। वहीं संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना है।
- Content Marketing : भारत में तेजी से बढ़ रहा है कंटेंट मार्केटिंग का क्रेज - January 22, 2025
- Black Magic Hathras: ‘काले जादू’ के नाम पर 9 वर्ष के बच्चे की बलि - January 18, 2025
- Digital Marketing: आपके व्यवसाय की सफलता की कुंजी ‘डिजिटल मार्केटिंग’ - January 18, 2025